







रुद्रपुर। ऊर्जा निगम के अधीक्षण ने बगैर एस्टीमेट स्वीकृत कराए टांसफार्मर शिफ्ट करने के आरोप मे जेई को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि जेई ने प्रक्रिया पूरी नही की। दिनेशपुर के दुर्गापुर रोड एक किसान ने ऊर्जा निगम से खेत में मौजूद ट्रांसफार्मर और पोलों को हटाने की मांग की थी।


किसान ने ट्रांसफार्मर शिफ्ट करनें में आने वाले खर्च को वहन करने की बात कही थी। आरोप था कि क्षेत्र में तैनात जेई अरुण कुमार ने बिना औपचारिक स्वीकृति और विभागीय प्रक्रिया का पालन किए बगैर बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर हटवा दिए।
शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि विभागीय नियमों के अनुसार किसी भी सार्वजनिक या निजी भूमि पर ट्रांसफार्मर या पोल हटाने से पहले इस्टीमेट मंजूर कर उस काम की धनराशि जमा करानी होती है।
जेई ने इस प्रक्रिया की पूर्ण अनदेखी की और रसीद नहीं दी गई। ऊर्जा निगम को आर्थिक नुकसान पहुंचाया। अधीक्षण अभियंता डीके जोशी ने शिकायत की जांच पड़ताल कराई तो मामला सही पाया। जिस पर जेई अरुण कुमार को निलंबित कर उसे भदईपुरा बिजलीघर से संबद्ध कर दिया है।


