







रुद्रपुर। आदर्श कालोनी में अवैध शराब की बिक्री को लेकर महिलाओं के प्रदर्शन और विधायक शिव अरोरा के तीखे तेवरों के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 मंजुनाथ टीसी ने आदर्श कॉलोनी चौकी इंचार्ज महेश कांडपाल को लाइन हाजिर कर दिया।


कोतवाली रुद्रपुर की आदर्श कॉलोनी चौकी क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर द्वारा औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें आदर्श कॉलोनी चौकी क्षेत्र में काफी समय से अवैध देशी/कच्ची शराब का कारोबार चल रहा था। जिस पर चौकी प्रभारी एवं कर्मचारियों द्वारा प्रभावी कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई थी। संबंधित चौकी आदर्श कॉलोनी द्वारा अवैध शराब की धरपकड़ में कोई सार्थक कार्रवाई नहीं की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभारी चौकी आदर्श कॉलोनी को लाइन हाजिर किया है। एसएसपी ने प्रकरण में विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। प्रकरण में एसपी रैंक के अधिकारी द्वारा की विस्तृतित जांच की जाएगी।
एसएसपी ने पूर्व में भी क्राइम मीटिंग के दौरान अवैध देशी/कच्ची शराब बेचने व कारोबार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के सख्त आदेश दिए थे।
गौरतलब है कि कल महिलाओं ने शराब के अड्डों पर हंगामा किया था। विधायक शिव अरोरा ने भी तीखे तेवर अपनाकर आबकारी अधिकारी को खरी खोटी सुनाई थी। साथ ही पुलिस के रवैये पर नाराजगी जताई थी। उधर, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी यहां के एक सत्ताधारी नेता पर अवैध शराब के कारोबारियों से अवैध वसूली और पुलिस को मैनेज करने का आरोप मढ़ा था। कहा कि वार्ड की महिलाओं के प्रदर्शन के समय जब विधायक मौके पर पहुंचे तो वो नेता गायब रहा।


